गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा, वाटर स्पोर्ट्स का भी उठाया आनंद
गदरपुर, 13 जून 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में भी हिस्सा लेकर उनका आनंद उठाया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचकर उनके बच्चों को आशीर्वाद दिया और परिवारजनों से मुलाकात की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा, वाटर स्पोर्ट्स का भी उठाया आनंद
