रुद्रपुर, 12 जून 2026। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आगामी 14 जून, रविवार को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। अभ्यर्थी एवं संबंधित व्यक्ति कंट्रोल रूम नंबर 05944-250250 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी नितिन सिंह ने जिला सभागार में आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक एवं इनविजिलेटर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ परीक्षा संपन्न कराएं।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षक परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल गैजेट पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही आयोग द्वारा लगाए जाने वाले जैमर की कार्यशीलता भी पहले से जांच ली जाए।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की जांच एवं बायोमैट्रिक सत्यापन परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी निगरानी में अनिवार्य रूप से किया जाएगा। प्रश्नपत्रों को भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा एवं खोला जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे तथा बिना परिचय पत्र के किसी भी व्यक्ति को केंद्र परिसर में रहने की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 प्रभावी रहेगी।
अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि जनपद में कुल 55 परीक्षा केंद्रों पर 18,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें रुद्रपुर-किच्छा क्षेत्र के 21 केंद्रों पर 7,424, गदरपुर के 15 केंद्रों पर 4,308, बाजपुर के 11 केंद्रों पर 3,516 तथा काशीपुर के 8 केंद्रों पर 3,054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, आयोग के प्रतिनिधि, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
