बताया जा रहा है की आरोपित को काठगोदाम थाने में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर गठित उधमसिंहनगर पुलिस की एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपित धनंजय को हिरासत में लिया और काठगोदाम थाने लेकर पहुंची। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
धनंजय गिरी पर लोगों को जमीन दिलाने, प्लाट बेचने और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़पने का करीब 20 लोगों ने आरोप लगाया है।
करीब 20 लोग एसआईटी से कर चुके शिकायत
मामले में नवंबर 2024 से अब तक करीब 20 लोग एसआईटी के समक्ष शिकायत दर्ज करा चुके हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि धनंजय गिरी और उसके साथियों ने अलग-अलग लोगों से 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ठगी है। यही नहीं कई लोगों से जमीन की डील कराने के नाम पर एडवांस रकम ली गई, लेकिन बाद में न तो जमीन का बैनामा हुआ और न ही रकम वापस की गई।
कुछ मामलों में एक ही जमीन को कई लोगों को दिखाकर सौदे करने के आरोप भी सामने आए हैं। शिकायतें बढ़ने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया था। एसआईटी पिछले कई महीनों से मामले की जांच में जुटी थी। जांच के दौरान बैंक लेनदेन, संपत्तियों और दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। धनंजय गिरी का नाम पहले भी शहर में विवादित जमीन सौदों और आर्थिक लेनदेन को लेकर चर्चा में रहा है। इस संबंध मे कुमाऊं आइजी रिद्धिम अग्रवाल का कहना है कि वह जल्द मामले में ब्रीफिंग करेंगी।
