रुद्रपुर, 23 मई।शहर में सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की एक अनुपम मिसाल उस समय देखने को मिली जब हज यात्रा पर रवाना हो रहे मुस्लिम श्रद्धालुओं को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रांतीय प्रवक्ता अनिल शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने पुष्पमालाएं पहनाकर, बुके भेंटकर तथा मंगलकामनाएं देकर विदा किया।

हज यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के सम्मान में आयोजित इस विदाई समारोह में कांग्रेस नेताओं ने धर्मनिरपेक्षता और आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए कहा कि – “हज यात्रा सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि यह आस्था, आत्मशुद्धि और मानवता का संदेश है। हम सब मिलकर एक ऐसे उत्तराखंड और भारत की कल्पना करें, जहाँ सभी धर्मों का सम्मान हो और आपसी प्रेम बना रहे।”
अनिल शर्मा विशेष रूप से भूतबंगला क्षेत्र में स्थित अपने सहयोगी शानु के आवास भी पहुंचे, जहाँ उन्होंने हज पर जा रहे शानु के परिजनों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “हज यात्रा पर जा रहे हमारे भाई-बहनों की सलामती और इबादत कुबूल हो – यही हमारी दिली दुआ है।”
इस अवसर पर विजय गुप्ता, हरपाल सिंह, दिलशाद, मोनिश खां, शानु सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विदाई समारोह में स्थानीय समाजसेवियों और आम नागरिकों की भी भारी भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम एक भावनात्मक और सामूहिक रंग में रंग गया।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने भी कहा –
“इस तरह के आयोजनों में हिस्सा लेना हमारे लिए गर्व की बात है। यह कार्यक्रम इस बात का प्रतीक है कि रुद्रपुर जैसे नगर में सांप्रदायिक सौहार्द की जड़ें कितनी गहरी हैं। हमें इसी भावना को आगे बढ़ाना है।”
हज यात्री विदाई कार्यक्रम ने न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को सम्मानित किया, बल्कि राजनीतिक नेताओं की संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता को भी रेखांकित किया। यह पहल समाज में मेल-जोल और सद्भाव की नींव को और मजबूत करती है।

