वे स्टइंडीज के ऑलराउंडर मैथ्यू फोर्ड ने शुक्रवार को डबलिन में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया. उन्होंने वनडे क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक जड़ते हुए क्रिकेट प्रेमियों को चौंका दिया.

फोर्ड ने महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिससे उन्होंने 2015 में दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने जोहान्सबर्ग में वेस्टइंडीज के खिलाफ 16 गेंदों में फिफ्टी ठोकी थी.

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह

58 में से 56 रन केवल बाउंड्री से

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए 23 वर्षीय फोर्ड ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और केवल 19 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस धमाकेदार पारी में दो चौके और आठ शानदार छक्के शामिल थे. खास बात यह रही कि उनके कुल 58 में से 56 रन केवल बाउंड्री से आए.

मैथ्यू फोर्ड की इस तूफानी पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 352 रन बनाए, जिससे टीम को तीन मैचों की सीरीज़ को बराबर करने का बेहतरीन मौका मिला. फोर्ड मूल रूप से एक दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज हैं, लेकिन वह बल्ले से भी कमाल दिखा रहे हैं. इससे पहले पहले वनडे में भी उन्होंने 48 गेंदों में 38 रन बनाए थे और रोस्टन चेस के साथ सातवें विकेट के लिए 98 रन की अहम साझेदारी की थी. उस मैच में वेस्टइंडीज 304 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 71 रन पर छह विकेट गंवा चुका था.

एबी डिविलियर्स और मैथ्यू फोर्ड के नाम रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड अब संयुक्त रूप से एबी डिविलियर्स और मैथ्यू फोर्ड के नाम है. इनके बाद 17-17 गेंदों में अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ियों में सनथ जयसूर्या, कुसल परेरा, मार्टिन गुप्टिल और लियाम लिविंगस्टोन शामिल हैं. फोर्ड की यह पारी वनडे इतिहास की सबसे विस्फोटक पारियों में गिनी जाएगी, खासकर निचले क्रम में आकर इतने कम समय में खेल बदल देने के लिए.

Advertisement