विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में राजनीतिक दल दें सहयोग : कौस्तुभ मिश्र

Spread the love



रुद्रपुर, 05 जून 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं मजबूत लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 29 मई से 07 जून तक प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 08 जून से 07 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी किया जाएगा। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 14 जुलाई को किया जाएगा।
कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनके निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर सूची को अधिक विश्वसनीय एवं अद्यतन बनाना है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी कारणवश हट गया है, तो वह प्रारूप-6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से अपना नाम पुनः दर्ज करा सकता है। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की, ताकि अभियान को निष्पक्ष, प्रभावी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में भाजपा के गजेन्द्र प्रजापति, डीएन यादव एवं राजेश तिवारी, कांग्रेस के नरेश पाल एवं ललित बिष्ट, आम आदमी पार्टी की किरण पाण्डेय विश्वास, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कुण्डल राम सहित अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Spread the love