रूद्रपुर। शहर के व्यस्ततम अग्रसेन चौक पर वर्षों से संचालित हो रहा मजदूर अड्डा अब जल्द ही अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम प्रशासन ने श्रमिक अड्डे को अग्रसेन चौक से हटाकर नगर निगम के पास स्थित खाली भूखंड में अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। नई जगह पर श्रमिकों के लिए शेड, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही सभी श्रमिकों का सत्यापन कर उन्हें पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
गुरुवार को महापौर विकास शर्मा ने एसडीएम मनीष बिष्ट, सीओ डीआर वर्मा तथा नगर निगम और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ अग्रसेन चौक स्थित मजदूर अड्डे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बताया कि सुबह से दोपहर तक मजदूर अड्डे के कारण अग्रसेन चौक पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। अधिकांश व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने जनहित में मजदूर अड्डे को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फिलहाल नगर निगम के पास हाईवे किनारे स्थित खाली भूखंड पर मजदूर अड्डे की अस्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वहां शेड, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि मजदूर अड्डे पर अव्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी शिकायतों को देखते हुए अब श्रमिकों का सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। नगर निगम की ओर से सभी श्रमिकों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम श्रम विभाग के साथ समन्वय कर श्रमिकों के श्रम कार्ड भी बनवाएगा, ताकि उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि सिडकुल ढाल और मेडिसिटी क्षेत्र में संचालित अस्थायी श्रमिक अड्डों को भी व्यवस्थित किया जाएगा। भविष्य में शहर में एक संयुक्त और सुव्यवस्थित श्रमिक अड्डा विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संपादकीय : शहर व्यवस्था की दिशा में जरूरी कदम,रूद्रपुर के अग्रसेन चौक, गांधी पार्क और सड़क डिवाइडरों पर लंबे समय से अस्थायी रूप से बैठने वाले लोगों के कारण शहर की व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि कई स्थानों पर नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगा था, जिससे महिलाओं, बच्चों और राहगीरों को असुरक्षा महसूस होती थी। सार्वजनिक स्थलों पर फैली अव्यवस्था से यातायात भी बाधित हो रहा था और शहर की छवि प्रभावित हो रही थी।
ऐसे में नगर निगम द्वारा श्रमिक अड्डे को व्यवस्थित स्थान पर शिफ्ट करने का निर्णय सराहनीय कदम माना जा सकता है। यदि नई जगह पर श्रमिकों को शेड, पेयजल, शौचालय और पहचान पत्र जैसी सुविधाएं मिलती हैं तो इससे श्रमिकों का सम्मान भी बना रहेगा और शहर की व्यवस्था भी सुधरेगी। जरूरी यह है कि कार्रवाई मानवीय संवेदनाओं के साथ हो और वास्तविक श्रमिकों के हित सुरक्षित रहें।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महामंत्री तरूण दत्ता, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, पार्षद चिराग कालड़ा, रोशन अरोरा, संदीप राव और विजय तोमर समेत कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद
