राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा को सफल बनाने में जुटी महिला कांग्रेस, पोस्टकार्ड अभियान का भी शुभारंभ
रुद्रपुर। सिटी क्लब में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi की जनसभा को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक में विशेष रूप से महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के लिए पार्टी लगातार कार्य कर रही है तथा राहुल गांधी महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।
उत्तराखंड की सह-प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि महिलाओं को महंगाई के खिलाफ संगठित होकर आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में महिलाओं का सर्वाधिक शोषण हो रहा है। उन्होंने महिलाओं से बड़ी संख्या में अल्मोड़ा पहुंचकर राहुल गांधी की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा प्रदेश की जनता, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
बैठक में महिला आरक्षण को लागू करने की मांग को लेकर पोस्टकार्ड अभियान का शुभारंभ भी किया गया। वक्ताओं ने बताया कि महिला आरक्षण के समर्थन में 10 लाख से अधिक पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। साथ ही महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने, बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने और उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी नीतियां बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश में बढ़ती महंगाई, महिलाओं पर पड़ रहे आर्थिक बोझ तथा विभिन्न जनसरोकार के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर आगे आना होगा।
बैठक में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जया कर्नाटक, रेखा सोनकर, सुनीता कश्यप, प्रीती साना, अंकिता अधिकारी, सरोज रानी, सरस्वती बाला, कमला देवी, संगीता मंडल, ज्योति साना, भजन कौर, सोनिया खुराना, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, ललित सिंह बिष्ट, पार्षद जितेश शर्मा, गौरव खुराना, पंकज शर्मा, शुभम दास सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित राहुल गांधी की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
