शादीशुदा मोनिस ने फर्जी पहचान बनाकर हिंदू लड़की से की शादी, धर्मांतरण और दहेज के लिए डाला दबाव, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा युवक ने खुद को हिंदू बनाकर एक युवती से विवाह किया और बाद में उस पर धर्मांतरण का दबाव डालने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

।✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

एसएसपी मणिकांत मिश्रा का अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख
➡️ मनीष निकला मोनिश – शादी डॉट कॉम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर हिन्दू युवती से की शादी
➡️ दहेज माँगने व धर्म परिवर्तन का दबाव डालने वाला आरोपी गिरफ्तार
➡️आरोपी मोनिश पहले से ही एक मुस्लिम युवती से कर चुका है विवाह ।
➡️ उधमसिंहनगर पुलिस ने आरोपी को दिनेशपुर से धर दबोचा ।

जानकारी के मुताबिक, नानकमत्ता निवासी पीड़िता की पहचान मोनिस नामक युवक से एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए हुई। युवक ने वेबसाइट पर मनीष चौधरी, पुत्र अमित चौधरी के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। इसी आधार पर दोनों के बीच बातचीत हुई और दिसंबर 2024 में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली गई।

शादी के कुछ समय बाद युवती को पता चला कि उसका पति असल में मेरठ निवासी इरशाद अहमद का बेटा मोनिस है, जो वर्तमान में दिनेशपुर के जयनगर स्थित गायत्री विला में रह रहा था। चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि मोनिस पहले से ही शादीशुदा था और उसकी एक मुस्लिम पत्नी भी है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद आरोपी और उसका परिवार दहेज में दो लाख रुपये नकद, एक कार और सोने के गहनों की मांग करने लगे। साथ ही उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे जबरन मांसाहार खिलाने की कोशिश की गई और मारपीट कर गालियां दी गईं।

लड़की ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि 21 फरवरी 2025 को मोनिस और उसके परिवार ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस दौरान उसे धमकी दी गई कि यदि वह पुलिस में शिकायत करेगी तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 (धोखेबाजी कर यौन संबंध बनाना), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मामले की जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक रजनी गोस्वामी को सौंपी गई है। वहीं, पूछताछ के दौरान मोनिस ने फर्जी पहचान बनाकर युवती से शादी करने की बात कबूल कर ली है।

यह मामला न सिर्फ धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का है बल्कि इसमें धर्मांतरण के दबाव का आरोप भी सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


Spread the love