विधायक शिव अरोरा ने पुलिस लाइन में खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का किया शुभारंभ

Spread the love


रुद्रपुर। राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तराखंड द्वारा खेल महाकुंभ के अंतर्गत विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025–26 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 2 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन परिसर में विधायक रुद्रपुर शिव अरोरा ने फीता काटकर किया।
इस प्रतियोगिता में 14 व 19 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्टू जैसे खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन हरीश दनाई एवं धीरज पांडे द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में खेलों के विस्तार और बच्चों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें विभिन्न खेलों के जरिए आगे लाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में बच्चों का उत्साह और प्रदर्शन यह दर्शाता है कि उत्तराखंड में खेलों का भविष्य उज्ज्वल है और आने वाले समय में प्रदेश के युवा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। विधायक ने यह भी कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदानों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बच्चे अपने हुनर को सही दिशा में निखार सकें।
मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने U-19 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बिगवाड़ा क्षेत्र के गजनफर, द्वितीय पवन सिंह (बिगवाड़ा) और तृतीय वीर सिंह (नरायणपुर) को सम्मानित किया। वहीं लड़कों की 100 मीटर दौड़ में प्रथम सिद्धार्थ सिंह, द्वितीय हेमंत कुमार और तृतीय कृष्णा कांडपाल को मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में नगर निगम रुद्रपुर के वार्ड संख्या 40 के पार्षद बीनू कुमार, राजकीय शिक्षा संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी, ग्रामीण विकास विभाग के एबीडीओ दिनेश गुरूरानी, बीडीओ किच्छा प्रदीप कुमार, क्षेत्रीय कल्याण अधिकारी रुद्रपुर यशवंत सिंह, अखिलेश मंडल, कमल सक्सेना, हरीश राम, नवनीत राव, अंगद, गुरतेज सिंह, ममता बोरा, स्मिता नेगी, अनु चौधरी, अंजलि गुप्ता, गोविंद बिष्ट, प्यारेलाल, प्रदीप शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, चंपा लमगड़िया, रणजीत सिंह राणा, दुष्यंत चौहान, दीपक अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love