80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में धूमधाम से हुआ आयोजन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर नारियों का किया गया सम्मान

Spread the love


रुद्रपुर, 15 अगस्त। जनपद ऊधमसिंह नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जबकि विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ शहीद-ए-आजम ऊधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को फूलमाला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अमरजीत सिंह, इंद्रासन यादव, आनंद मणि रतूड़ी, प्रकाश, हरवंश सिंह, परमेश्वर, कमलेश त्रिपाठी, वर्मानंद, सुमन, श्रवण कुमार, वीर माता लक्ष्मी देवी और वीर नारी मंजू रावत शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे साकार करना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। देश और समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए सभी को आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करके ही स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार किया जा सकता है। देश की आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का पालन करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने युवाओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनें और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने जानकारी दी कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के जीवन और योगदान पर एक पुस्तिका प्रकाशित की जाएगी, जिससे नई पीढ़ी उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित हो सकेगी।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और खाद्य संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में जनसहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से ऊधमसिंह नगर जनपद विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी सुभाष, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और त्रिलोकी ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान की वजह से ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल विभाग की ओर से प्रातःकाल क्रॉस कंट्री ओपन रेस का आयोजन भी किया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बालक वर्ग में पुष्कर चंद्र ने प्रथम, केवल चम्याल ने द्वितीय और अमित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में खुशी गोस्वामी प्रथम, गुंजन द्वितीय और गुरप्रीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा कई नन्हे प्रतिभागियों को भी ट्रॉफी और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी और हेम पांडे ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी हिमांशु कफल्टिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी सहित अनेक अधिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन और कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।


Spread the love