“पहाड़ स्वाभिमान जनसंपर्क यात्रा” नैनीडांडा पहुंची, HKP प्रत्याशी लाल सिंह बिष्ट बोले – विधायक जनता के बीच रहेगा

Spread the love


उत्तराखंड नैनीडांडा/लैंसडाउन, हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) की “पहाड़ स्वाभिमान जनसंपर्क यात्रा” शनिवार को अदालीखाल और धुमाकोट होते हुए नैनीडांडा पहुंची। यात्रा का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर जनता से संवाद किया गया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


यात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट, राष्ट्रीय महासचिव शंकर दत्त सती तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बृजमोहन सिंह गुसाईं भी शामिल रहे।
लैंसडाउन विधानसभा से HKP प्रत्याशी लाल सिंह बिष्ट ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें विधायक बनाती है तो वे क्षेत्र में रहकर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा, “जनता को विधायक से मिलने के लिए देहरादून के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मैं केवल विधायी और प्रशासनिक कार्यों के लिए ही देहरादून जाऊंगा, बाकी समय जनता के बीच रहूंगा।”
सभा के दौरान स्थानीय लोगों ने वर्तमान विधायक पर क्षेत्र से दूरी बनाए रखने का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि पिछले कई वर्षों में आम जनता को अपने विधायक के दर्शन तक नहीं हुए।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि जो नेता स्वयं क्षेत्र से बाहर रहकर राजनीति कर रहे हैं, वे उत्तराखंड के बाहर रहने वाले लोगों पर टिप्पणी कर समस्त उत्तराखंडियों का अपमान कर रहे हैं।
वहीं अजय बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति और पहाड़ की पहचान बचाने के लिए सत्ता परिवर्तन आवश्यक हो गया है। उन्होंने लोगों से क्षेत्रीय मुद्दों पर एकजुट होकर निर्णय लेने की अपील की।
यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने विभिन्न गांवों और बाजारों में जनसंपर्क कर लोगों से समर्थन मांगा। कार्यक्रम में पौड़ी जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत, अल्मोड़ा जिला अध्यक्ष हिमेश भण्डारी, राम दत्त, महेश डौर्बी, गजेंद्र सिंह रावत, श्रीमती भारती बिष्ट, संतोष मंडवाल, बृजेश चंद्र, ध्रुव सिंह भंडारी, अशोक कुमार और मोहन सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love