राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड प्रांत का संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) 28 मई से सरस्वती विद्या मंदिर बीएचईएल में प्रारंभ होगा। वर्ग शुरू होने से पूर्व बुधवार को विद्यालय परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, पूजन एवं यज्ञ-हवन का आयोजन कर वर्ग के सफल एवं निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई।

Spread the love

प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र और वर्ग के सर्वाधिकारी प्रवीण की उपस्थिति में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। वैदिक आचार्यों के निर्देशन में पुरोहितों द्वारा यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें वर्ग के शिक्षक एवं व्यवस्था टोली के कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दीं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड

संघशक्ति कलयुगे और विश्व हिंदू विजयते के उद्घोष से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। यज्ञ से पूर्व स्वयंसेवकों ने खड़े होकर 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया।

प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग व्यक्ति निर्माण की प्रयोगशाला है, जहां स्वयंसेवक 20 दिनों तक राष्ट्र चिंतन के साथ अनुशासित जीवन का अभ्यास करता है। उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष में उत्तराखंड से 5,000 प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है और यह वर्ग उसी संकल्प की शुरुआत है।

सर्वाधिकारी प्रवीण ने कहा कि वर्ग में मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे तथा परिसर में भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और आवास की समुचित व्यवस्था की गई है।कार्यक्रम का समापन वर्ग गीत के साथ हुआ।

वर्ग कार्यवाह रमेश कुमार ने बताया कि 20 दिवसीय इस आवासीय वर्ग में उत्तराखंड के 13 जिलों से 385 शिक्षार्थी स्वयंसेवक भाग लेंगे। वर्ग में शारीरिक, बौद्धिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 4.30 बजे जागरण से लेकर रात 10.30 बजे शयन तक निर्धारित दिनचर्या रहेगी। दंड, नियुद्ध, योग, खेल और घोष के साथ-साथ बौद्धिक सत्रों में संघ विचार, भारतीय इतिहास, सामाजिक समरसता तथा पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। वर्ग का समापन 16 जून को होगा।

इस अवसर पर क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम, क्षेत्र संत संपर्क प्रमुख ईश्वर दयाल, प्रांत सह प्रचारक चंद्रशेखर, प्रांत शारीरिक प्रमुख एवं वर्ग पालक सुनील कुमार, जिला संघचालक डॉ. यतींद्र नाग्यान, विभाग कार्यवाह लोकेंद्र अर्थवाल, विभाग प्रचार प्रमुख अनिल गुप्ता, वर्ग मुख्य शिक्षक सतेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love