

एशिया कप 2025 के पहले मैच में भारत ने यूएई के खिलाफ 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की, हालांकि रिंकू इस मैच का हिस्सा नहीं थे, लेकिन वो पूरी तैयारी के साथ वहां गए हुए हैं और उन्हें उम्मीद है कि अगले मैचों की प्लेइंग 11 में उन्हें मौका मिलेगा. इस टूर्नामेंट से पहले रिंकू सिंह ने एमएस धोनी को लेकर एख बड़ा खुलासा किया और बताया कि आखिर कैसे धोनी ने उनके क्रिकेटिंग सफर में अहम रोल अदा किया. धोनी से पहली बार वो कब मिले थे, इस बारे में भी रिंकू सिंह ने बात की.

एशिया कप 2025 में एक्स्ट्रा बैटर के तौर पर जगह बनाने वाले रिंकू सिंह नंबर 5-6 पर आकर मैच को फिनिश करने की क्षमता रखते हैं. खुद रिंकू ने खुलासा किया है कि जब वो कहीं फंसते हैं तो पूर्व कप्तान एमएस धोनी से टिप्स लेते हैं. फोन पर भी कभी-कभी बात होती है. रिंकू सिंह ने ये भी खुलासा कर दिया कि नंबर 5 पर बैटिंग करने के लिए धोनी से उन्हें कौन सी खास सलाह मिली.
रिंकू सिंह हाल में राज शमानी के पॉडकास्ट में गए थे, जहां उन्होंने धोनी के साथ अपनी पहली मुलाकात के बारे में बात की और ये भी बताया कि धोनी से वो फोन पर क्या बात करते हैं. रिंकू सिंह ने कहा ‘2023 टूर्नामेंट में हमारी बात हुई थी. कभी-कभी हम कॉल पर भी बात करते हैं, क्योंकि वो भी इसी नंबर पर बल्लेबाजी करते थे. तो मैंने उनसे पूछा कि उनका माइंडसेट क्या होता था, वो आखिरी ओवरों में कैसे शांत रहते थे.’




