
रूद्रपुर, 08 जुलाई, 2025। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा “मध्यस्थता राष्ट्र के लिए” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेन्द्र कुमार सागर ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
सचिव सागर ने बताया कि यह विशेष अभियान जनपद में 01 जुलाई से आगामी 90 दिनों तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनपद के समस्त न्यायालयों में लम्बित प्रकरणों का मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारण अधिवक्ताओं के सहयोग से आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निःशुल्क किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, जिसका मामला जनपद के न्यायालयों में लम्बित है, जैसे पति-पत्नी के वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना मुआवजा, घरेलू हिंसा, चेक अनादरण, वाणिज्यिक लेन-देन, सर्विस सम्बन्धी, फौजदारी के शमनीय प्रकृति के मामले, उपभोक्ता विवाद, ऋण वसूली, बंटवारा, बेदखली, भूमि अधिग्रहण सम्बन्धित अथवा अन्य सुसंगत दीवानी मामले, इस अभियान का लाभ उठा सकता है।
सचिव ने आमजन से अपील की कि वे न्यायालयों में पंजीकृत या लम्बित वादों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान कराकर इस अभियान का लाभ लें और इसे सफल बनाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केन्द्र रूद्रपुर के फोन नम्बर 05944-250682 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

