रुद्रपुर में चार शोरूमों में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए तीन चोर

Spread the love


रुद्रपुर। शहर की मटके वाली गली में देर रात अज्ञात चोरों ने चार प्रतिष्ठित शोरूमों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नगदी और महंगे सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर निर्माणाधीन भवन के रास्ते छत पर पहुंचे और जीने के दरवाजे तोड़कर एक-एक कर चारों शोरूमों में घुस गए। पूरी वारदात दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन चोर साफ दिखाई दे रहे हैं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


जानकारी के अनुसार चोर पहले निर्माणाधीन भवन के सहारे छत तक पहुंचे और वहां से रेड चीफ शोरूम का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद जीने के रास्ते स्पाईकर, ब्लैकबेरी और ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

रुद्रपुर में बढ़ती चोरियां पुलिस व्यवस्था पर बड़ा सवाल,रुद्रपुर में मटके वाली गली स्थित चार प्रतिष्ठित शोरूमों में एक साथ हुई लाखों की चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। जिस तरह चोर निर्माणाधीन भवन के रास्ते छत से अंदर पहुंचे, आराम से चार-चार शोरूमों में चोरी की और फरार हो गए, वह पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था की पोल खोलता है।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रुद्रपुर में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मोबाइल दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का खुलासा आज तक नहीं हो पाया। हर वर्ष व्यापारियों को इसी तरह नुकसान उठाना पड़ता है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में एक साथ चार दुकानों में चोरी हो जाना अपराधियों के बढ़ते हौसलों को दर्शाता है। यदि समय रहते पुलिस ने सख्त कार्रवाई, नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी नहीं बढ़ाई, तो व्यापारियों का भरोसा कानून व्यवस्था से उठ सकता है। अब जरूरत केवल जांच की नहीं, बल्कि प्रभावी और दिखाई देने वाली सुरक्षा व्यवस्था की है।


स्पाईकर शोरूम के स्वामी मधुर मेंहदीरत्ता ने बताया कि चोर गल्ले में रखे 48 हजार रुपये नगद, लैपटॉप और हजारों रुपये कीमत के रेडीमेड कपड़े चोरी कर ले गए। ब्लैकबेरी शोरूम के स्वामी अंकित नरूला के अनुसार उनके प्रतिष्ठान से करीब ढाई लाख रुपये की नगदी और सामान चोरी हुआ है।
रेड चीफ शोरूम के प्रबंधक भूपेंद्र ने बताया कि चोर लगभग 10 हजार रुपये की नगदी के साथ अन्य सामान भी ले गए हैं। वहीं ग्लोबल रिपब्लिक शोरूम के स्वामी आदित्य शर्मा ने करीब पांच लाख रुपये के सामान की चोरी होने की जानकारी दी।
सुबह जब शोरूम स्वामी दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद व्यापारी नेताओं और पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात रात करीब साढ़े बारह बजे क्रमवार तरीके से की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी संजय ठुकराल समेत कई व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


Spread the love