रुद्रपुर/ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं में घायलों व मृतकों की संख्या कम करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को होटल रामपुर रोड, ऊधमसिंह नगर में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षकों एवं परिवहन आरक्षियों ने प्रतिभाग किया।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
कार्यक्रम में संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री राजीव कुमार मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रशासन, हल्द्वानी संभाग श्री गुरदेव सिंह तथा संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा श्री अरविन्द पाण्डेय ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रतिभागियों को विभागीय नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, जबकि दूसरे सत्र में सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कार्मिकों की जिज्ञासाओं और विभागीय कार्यों से जुड़े सवालों का समाधान भी किया गया।
दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच पर विशेष जोर
सहायक निदेशक, सड़क सुरक्षा, परिवहन विभाग श्री नरेश संगल ने ‘रोड सेफ्टी एंड ओवरव्यू ऑन रोड एक्सीडेंट इन उत्तराखंड’ विषय पर जानकारी देते हुए राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
वहीं, जेपी रिसर्च इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के टीम लीडर श्री सुमित ढुल ने ‘साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट’ विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने दुर्घटनाओं की वैज्ञानिक जांच, उनके कारणों के विश्लेषण और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में बताया।
दुर्घटनाओं की रोकथाम में प्रवर्तन कार्मिकों की अहम भूमिका
संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री राजीव कुमार मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी प्रवर्तन कार्मिकों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझना चाहिए और प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने दैनिक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में कार्मिकों की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने तथा विभागीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर उनकी पुनरावृत्ति रोकना, दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना और परिवहन विभाग के कार्मिकों को अधिक दक्ष बनाना रहा। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों के प्रभावी अनुपालन और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
अधिकारियों ने प्रतिभागियों को दिए प्रमाणपत्र
कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रशासन, ऊधमसिंह नगर श्री मोहित कोठारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन, ऊधमसिंह नगर श्री नवीन कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन, काशीपुर श्री संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी श्री आशुतोष डिमरी सहित हल्द्वानी संभाग के 40 परिवहन सहायक निरीक्षक एवं परिवहन आरक्षी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों को संयुक्त परिवहन आयुक्त, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), हल्द्वानी संभाग तथा संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), हल्द्वानी संभाग की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा, हल्द्वानी श्री अरविन्द पाण्डेय ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता और विभागीय दायित्वों को निष्ठापूर्वक निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड
