विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत रुद्रपुर से तीन कृषि प्रचार रथ रवाना संवाददाता: अवतार सिंह, रुद्रपुर | 28 मई 2025 शैल ग्लोबल टाइम्स / हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स

Spread the love

रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मनीष कुमार ने बुधवार को विकास भवन परिसर से ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025’ के तहत तीन कृषि प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान आगामी 29 मई से 12 जून 2025 तक चलेगा और इसका उद्देश्य किसानों को खेती में वैज्ञानिक तकनीकों, नवीन तरीकों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।

सीडीओ मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ये कृषि प्रचार रथ जनपद की सभी न्याय पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसानों को कृषि वैज्ञानिकों के माध्यम से उन्नत तकनीकी जानकारियाँ प्रदान की जाएंगी, ताकि वे खरीफ फसल चक्र से पहले बेहतर तैयारी कर सकें। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी इन रथों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई जाएगी।

सीडीओ ने बताया कि अभियान के दौरान किसानों से उनके सुझाव भी लिए जाएंगे ताकि भविष्य की योजनाओं में उन्हें सम्मिलित किया जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इन प्रचार रथों से प्राप्त हो रही जानकारी का अधिकतम लाभ उठाएं और आधुनिक कृषि को अपनाकर अधिक उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आलोक शुक्ला तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



Spread the love