

घर में देखा तो लाखों के गहने और नकदी नदारद मिले। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
पीरूमदारा चौकी पुलिस की सक्रियता पर चोरों ने सवालिया निशान लगा दिए हैं। टांडा मल्लू निवासी रमेश चंद्र सुयाल पुत्र स्व. हरीश चंद्र सुयाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते बुधवार को वो परिवार के साथ अपने साले गौरव जोशी की शादी में शिरकत करने पीरूमदारा गए थे। उन्होंने घर के अंदर व बाहर मुख्य गेट पर ताला लगाया था। गुरुवार की सुबह परिवार के लोग ससुराल में ही थे और वो अपने बेटे के साथ घर पहुंचे। घर के बाहर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दूसरे दरवाजे का कुंडा ही उखाड़ दिया गया था। बताया कि चोर अल्मारी का लॉक तोड़कर सोने के आभूषण और 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। बताया कि शादी में उसकी पत्नी व सास नकली आभूषण पहनकर गए थे। जबकि असली आभूषण घर के अंदर अलमारी में रखे थे। चौकी इंचार्ज वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। सीसीटीवी खंगाला जा रहा है।
शादी के लिए लाए सूट और किताबें भी ले गए चोर
रमेश चंद्र सुयाल ने बताया कि उनका घर आबादी से सटा हुआ है। आरोपियों ने पूरे घर को खंगाला है। फ्रीज के अंदर रखी मिठाई तक आरोपी खा गए हैं। कंबल व शादी के लिए लाए गए सूट भी चोर ले गए हैं। उन्होंने बताया कि वह ढिकुली स्थित एक होटल में काम करते हैं। उनका बेटा पॉलीटेक्निक कर रहा है। चोर उनके बेटे की किताबें आदि भी ले गए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गश्त ना करने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।




