स्वतंत्रता दिवस पर रुद्रपुर में दिखेगा देशभक्ति का रंग, तय हुआ कार्यक्रमों का खाका

Spread the love


रुद्रपुर, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और तिरंगा यात्रा सहित विभिन्न आयोजनों को लेकर विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी सुबह 9:30 बजे और पुलिस लाइन में 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों को भी सम्मान मिलेगा तथा पौधारोपण किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त की शाम सरकारी एवं ऐतिहासिक भवनों को रोशनी से सजाया जाए। कार्यालय परिसरों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।
स्कूलों में होंगी देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताएं
मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, निबंध लेखन, गायन, स्लोगन, गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान, संघर्ष और बलिदान को प्रमुखता से विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जनभागीदारी पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, तिरंगा संगीत, देशभक्ति गीत, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आयोजित कार्यक्रमों की फोटो, वीडियो क्लिप और सेल्फी हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड की जाएं। अभियान में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
नगर निगम और सभी नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और पार्कों की विशेष सफाई कराने तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुनील जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।


Spread the love