

समान नागरिक संहिता की समीक्षा बैठक आयोजित: सचिव वित्त डॉ. वी. षणमुगम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रुद्रपुर, 07 अप्रैल 2025
एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सोमवार को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उत्तराखण्ड शासन के सचिव वित्त एवं महानिबंधक डॉ. वी. षणमुगम ने की। बैठक में यूसीसी रजिस्ट्रेशन से संबंधित व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं पर गहन चर्चा की गई।
डॉ. षणमुगम ने बताया कि यूसीसी सॉफ्टवेयर को आईटीडीए द्वारा और अधिक सरल बनाया जा रहा है, ताकि आमजन इसे सहजता से उपयोग कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रजिस्ट्रेशन के दौरान मूलभूत दस्तावेजों की गहनता से जांच की जाए, और जहां आवश्यक हो, वहां वैकल्पिक सहायक दस्तावेजों को भी स्वीकार किया जाए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ग्राम विकास अधिकारियों और अन्य फील्ड कर्मचारियों को जनता के बीच जाकर यूसीसी की महत्ता को समझाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें। डॉ. षणमुगम ने स्पष्ट किया कि यूसीसी एक नया कदम है, जिसे आमजन के सहयोग से सफल बनाया जा सकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जानकारी दी कि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु जनपद में अधिकाधिक सीएससी सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही हर सरकारी एवं सामाजिक कार्यक्रम में यूसीसी के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र ही प्राप्त कर लिया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल, उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, मनीष बिष्ट, अभय प्रताप सिंह, डॉ. अमृता शर्मा, रविन्द्र कुमार जुआटा, ओसी गौरव पाण्डेय समेत अनेक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
– शैल ग्लोबल टाइम्स/हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/अवतार सिंह बिष्ट, संवाददाता, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी




