देहरादून, 16 नवम्बर 2025।
दिव्यांगजन के समग्र विकास और आत्मनिर्भरता के लिए कार्यरत राजधानी देहरादून स्थित गोकुल संस्था ने रविवार को अपनी स्थापना की रजत जयंती धूमधाम से मनाई। रिस्पना पुल के पास एक होटल में आयोजित इस भव्य समारोह का नेतृत्व संस्था के परमाध्यक्ष गोकुल मोहन जगूड़ी ने किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री जगूड़ी ने बताया कि गोकुल का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों की छुपी प्रतिभा को निखारकर उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 से अब तक संस्था द्वारा 91 स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 41,524 लाभार्थियों को विविध सेवाएं प्रदान की गईं।
पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए संस्था ने रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और टिहरी जनपद में दिव्यांगजन हेतु कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए हैं, जिनसे अब तक लगभग 5,609 स्थानीय बच्चों और युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
मुख्य अतिथि एवं अतिथिगण
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुनील कुमार जैन, अध्यक्ष, तुलाज ग्रुप देहरादून द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. सुशील बंसल (निदेशक, एडवांस न्यूरो रिहैबिलिटेशन सेंटर),
आर. के. सिंघल (मुख्य अभियंता—सेवानिवृत्त, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लि.) और
इंजीनियर नरेन्द्र सिंह (पूर्व अध्यक्ष, इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, इंडिया) अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
संस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह
वार्षिक समारोह में सहज सिंघल द्वारा गणेश वंदना पर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद दिव्यांगजन ने गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान आठ जरूरतमंद दिव्यांगजन को गोकुल कृत्रिम अंग केंद्र द्वारा निर्मित कृत्रिम अंग/कैलिपर निशुल्क लगाए गए।
साथ ही, गोकुल कंप्यूटर केंद्र में प्रशिक्षित 10 युवाओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
खेल, स्वरोजगार एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली दिव्यांगजन को मंच पर सम्मानित किया गया।
संस्था की सेवाओं में सतत योगदान देने वाले वरिष्ठ सहयोगियों को भी विशेष सम्मान से नवाजा गया।
उत्पाद प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में उत्तरकाशी के दिव्यांग स्वरोजगारियों द्वारा पहाड़ी उत्पाद और उनी वस्त्रों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे उपस्थित लोगों ने विशेष सराहना दी।
रजत जयंती समारोह को सफल बनाने में गोकुल संस्था की ओर से विपिन सिंह रावत, श्रीमती अर्चना रावत, श्रीमती कनक नेगी, श्रीमती चारु राणा, श्रीमती पूनम डोबरियाल, श्रीमती सुषमा बड़थवाल, दीपक शैली एवं आशीष नकोटी का विशेष सहयोग रहा।

