रुद्रपुर, 07 दिसम्बर 2025।
विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी जनपद ऊधम सिंह नगर में 07 दिसम्बर को सशस्त्र झण्डा दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल चन्द्र प्रकाश कोठारी (सेवानिवृत्त) ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को प्रतीक झंडा लगाकर सशस्त्र झण्डा दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि सशस्त्र झण्डा दिवस राष्ट्र की सुरक्षा, अखण्डता और सार्वभौमिकता की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है। यह दिवस सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में तैनात जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ शहीद सैनिकों के आश्रितों और दिव्यांग सैनिकों के प्रति राष्ट्र की जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर एकत्र की जाने वाली धनराशि का उपयोग शहीद सैनिकों के आश्रितों एवं अपंग सैनिकों के कल्याण हेतु किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सशस्त्र झण्डा दिवस के प्रति अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

