अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर ट्रांजिट कैंप में विशाल कैंडल मार्च

Spread the love


रूद्रपुर। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर देवभूमि की जनता का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में ट्रांजिट कैंप व्यापार मंडल के आह्वान पर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एवं ट्रांजिट कैंप व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता के संयुक्त नेतृत्व में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


कैंडल मार्च ट्रांजिट कैंप कोतवाली के समीप स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर शिवनगर स्थित चामुंडा मंदिर तक पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सीबीआई जांच की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
कैंडल मार्च को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड को लेकर हाल ही में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच हुई कथित बातचीत में ‘वीआईपी’ का नाम सामने आने के बाद पूरे प्रदेश की जनता स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि इस नए खुलासे ने जनाक्रोश को और भड़का दिया है। ठुकराल ने मांग की कि उत्तराखंड की धामी सरकार अपनी निष्पक्षता और छवि स्पष्ट करने के लिए तत्काल भारत सरकार से इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति करे, ताकि वीआईपी को लेकर बना संशय समाप्त हो और मृतका को न्याय मिल सके।
वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी निर्मम हत्या से समाज का हर वर्ग आहत है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले की गहराई से जांच कर वीआईपी का चेहरा बेनकाब नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कैंडल मार्च में विकास बंसल, ललित बिष्ट, रजत गुप्ता, केरू मंडल, रामकुमार गुप्ता, सोनू सक्सेना, अनूप, कुलदीप गंगवार, राहुल, जयप्रकाश प्रजापति, गौरव दीक्षित, बाबूराम प्रजापति, हरपाल, राजकुमार, योगेंद्र, राकेश अधिकारी, जितेंद्र राठौर, अरविंद गंगवार, कमलदीप सोनकर, सजीव लाला, रविंद्र गुप्ता, मनोज वर्मा, अनिल गुप्ता, यक्ष गुप्ता, राकेश कोली, विजेंद्र पाल, सुरजीत, संजय कुमार, सुरजीत गुप्ता, उमा सरकार, सचिन, सुमित गुप्ता, सुरजीत शर्मा, प्रीति साना, मोनिका ढाली सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love