

रुद्रपुर, 10 मार्च 2026।दीपक रावत, आयुक्त कुमाऊँ मण्डल एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ने सोमवार को जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
मण्डलायुक्त ने प्राधिकरण में दर्ज विभिन्न वादों की स्थिति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों और पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नियमनित क्षेत्र से संबंधित पत्रावलियों की भी जांच की और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने ई-मानचित्र प्रणाली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मानचित्रों पर निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्णय लिया जाए। इसके साथ ही प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति और राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न सिविल कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। मण्डलायुक्त ने वर्तमान में चल रहे, प्रस्तावित तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता का आकलन किया।
इसके उपरांत मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगभग 17.71 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय सीमा के भीतर भवन निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने इसके बाद एनएच-87 पर डीडी चौक से त्रिशूल चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इस अवसर पर नितिन सिंह भदौरिया (जिलाधिकारी), अजय गणपति (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक), उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जितेन्द्र चौधरी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, अभय प्रताप सिंह, गौरव पाण्डेय, रविन्द्र जुआठा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्राधिकरण नरेन्द्र नवानी तथा जल संस्थान के तरुण शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




