रुद्रपुर। शहर की मटके वाली गली में बीती रात चार बड़े ब्रांडेड शोरूमों में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही महापौर विकास शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
शिव अरोरा ने रुद्रपुर की मटके वाली गली में रेड चीफ समेत चार शोरूमों में हुई चोरी की वारदात के बाद घटनास्थल का दौरा कर व्यापारियों से मुलाकात की। विधायक ने पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से दूरभाष पर वार्ता कर जल्द खुलासे की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य बाजार में इस तरह की बड़ी चोरी की घटना से व्यापारियों में भय और रोष का माहौल है, इसलिए पुलिस को तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में चोरों की गतिविधियां रोडवेज क्षेत्र तक दिखाई दे रही हैं, ऐसे में पुलिस को हर पहलू पर गंभीरता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर एसटीएफ की टीम का गठन कर मामले का शीघ्र खुलासा कराया जाए, ताकि व्यापारियों का भरोसा कायम रह सके और भविष्य में अपराधी ऐसी घटनाओं को अंजाम देने से पहले सोचें।
विधायक ने पीड़ित व्यापारियों को आश्वासन दिया कि दोषियों की गिरफ्तारी तक वह प्रशासन के संपर्क में रहेंगे। इस दौरान एसएसआई अनिल कुमार, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, संदीप राव, मनोज मदान और वरुण सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने निर्माणाधीन भवन की छत, शोरूमों में प्रवेश के रास्तों तथा तोड़े गए दरवाजों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर यह समझने का प्रयास किया गया कि किस प्रकार तीन नकाबपोश चोरों ने कटर और सब्बल की मदद से वारदात को अंजाम दिया। मुख्य बाजार में हुई इस बड़ी चोरी की घटना पर महापौर ने गहरी चिंता जताई।
घटनास्थल से ही महापौर विकास शर्मा ने ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से फोन पर वार्ता की। उन्होंने बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मामले के शीघ्र खुलासे, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की मांग की।
पीड़ित व्यापारियों को ढांढस बंधाते हुए महापौर ने कहा कि व्यापारी समाज को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर परिस्थिति में नगर निगम और प्रशासन व्यापारियों के साथ खड़ा है। महापौर ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं पुलिस टीमें भी मामले के खुलासे में तेजी से जुटी हुई हैं।
