2.82 करोड़ की लागत से बने वीर हकीकत राय मार्ग का लोकार्पण, विधायक शिव अरोरा बोले– मुख्य बाजार की सड़कों की बदली तस्वीर

Spread the love


रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत आंतरिक मार्ग निर्माण कार्यों के तहत वीर हकीकत राय मार्ग का निर्माण पूरा होने पर विधायक शिव अरोरा ने नारियल फोड़कर सड़क का लोकार्पण किया। करीब 300 मीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण हॉटमिक्स तकनीक से कराया गया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्य बाजार पहुंचे विधायक शिव अरोरा का स्थानीय व्यापारियों ने फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि 2 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से मुख्य बाजार क्षेत्र में लगभग 2 किलोमीटर आंतरिक मार्गों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें वीर हकीकत राय मार्ग भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस सड़क को पहले की तुलना में दोगुना चौड़ा बनाया गया है, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को काफी राहत मिलेगी।
विधायक ने कहा कि मुख्य बाजार की अधिकांश सड़कें अब बेहतर स्थिति में हैं। गुप्ता मेडिकल गली, डॉक्टर डोगरा वाली गली, डॉक्टर बठला वाली गली, गुरुद्वारा गोल मार्केट, पंजाबी मार्केट तथा पांच मंदिर मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों का निर्माण एवं सुधार कार्य कराया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में वर्षों से खस्ताहाल पड़ी सड़कों की तस्वीर बदलने का कार्य उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी विकास कार्यों का क्रम इसी तरह जारी रहेगा।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, अध्यक्ष संदीप राव, आशू मिड्ढा, मनोज मदान, राजेश कामरा, बंटी बांगा, जिम्मी बांगा, रिंकू चावला, सुरेंद्र गंगवार, अशोक कुमार, उमेश पासरीचा, सोनू खुराना, विक्की घई सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Spread the love