देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित महिला प्रौद्योगिकी संस्थान (WIT), देहरादून की आईईईई स्टूडेंट ब्रांच की वार्षिक आम सभा (Annual General Body Meeting-2026) का सफल आयोजन शनिवार को होटल टोन्स फूड प्लाजा एंड रेस्टोरेंट, देहरादून में किया गया। कार्यक्रम में स्टूडेंट ब्रांच के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
बैठक की शुरुआत वर्ष 2025 के पदाधिकारियों द्वारा अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करने के साथ हुई। सर्वप्रथम चेयर-2025 निशा बिष्ट ने अपने अनुभव साझा किए। इसके बाद WIE एफिनिटी ग्रुप की चेयर-2025 आध्या गुप्ता, वाइस चेयर अदिति चंद, कोषाध्यक्ष शिवानी धोनी तथा सचिव आर्ची अग्रवाल ने वर्षभर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
स्टूडेंट ब्रांच के ब्रांच काउंसलर श्री के.सी. मिश्रा ने सभी पूर्व पदाधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की। सर्वसम्मति से आर्ची अग्रवाल को आईईईई स्टूडेंट ब्रांच का चेयर, वैष्णवी नेगी को वाइस चेयर, यथी पचौरी को कोषाध्यक्ष, अदिति सिंह को सचिव, तनीषा पंत को वेबमास्टर तथा स्निग्धा असवाल को WIE एफिनिटी ग्रुप का चेयर चुना गया।
इस अवसर पर पूर्व पदाधिकारियों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करवाया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रबजोत कौर, प्रियांशी जोशी, अनन्या दीक्षित, शिवानी कठैत, भूमिका बुधलाकोटी, दिव्यांशी श्रेष्ठा एवं स्नेहा धामी ने भी अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।
ब्रांच काउंसलर श्री के.सी. मिश्रा द्वारा सभी पूर्व पदाधिकारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में आईईईई स्टूडेंट ब्रांच के कुल 41 सदस्यों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन निशा बिष्ट एवं वैष्णवी नेगी ने संयुक्त रूप से किया। सामूहिक भोज के उपरांत बैठक की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की गई। अंत में ब्रांच काउंसलर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
