देहरादून। उत्तराखंड राज्य निर्माण सम्मान परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जाधारी हुकुम सिंह कुँवर के नेतृत्व में सोमवार, 8 जून 2026 को प्रातः 11 बजे शहीद स्मारक, देहरादून में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
अध्यक्ष पद का दायित्व संभालने के बाद हुकुम सिंह कुँवर पहली बार शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से राज्य आंदोलनकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलन के शहीदों के संघर्ष, बलिदान और राज्य निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया जाएगा। श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं, मांगों तथा विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा कर उनकी बात सुनी जाएगी।
आयोजकों ने प्रदेश भर के राज्य आंदोलनकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शहीदों को श्रद्धांजलि देने तथा आंदोलनकारियों के हितों से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव रखने का आह्वान किया है।
यह श्रद्धांजलि सभा उत्तराखंड राज्य आंदोलन की भावना को सशक्त बनाने, शहीदों के बलिदान को याद करने और आंदोलनकारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
“उत्तराखंड के शहीद अमर रहें, जय जय उत्तराखंड”
शहीद स्मारक में राज्य आंदोलनकारियों का जुटान आज, सम्मान परिषद अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर करेंगे श्रद्धांजलि अर्पित
देहरादून। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के लिए सोमवार 8 जून को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रातः 11 बजे कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेशभर के राज्य आंदोलनकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया गया है।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने जानकारी देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। साथ ही आंदोलनकारी अपने लंबित मामलों, समस्याओं एवं सुझावों से परिषद अध्यक्ष को अवगत करा सकेंगे।
उन्होंने सभी आंदोलनकारी साथियों से समय पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने तथा संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।
इस दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने हुकुम सिंह कुंवर को राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद का अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं। कार्यक्रम को लेकर आंदोलनकारियों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा आंदोलनकारियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
