देहरादून। राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर, उपाध्यक्ष सुभाष बर्थवाल एवं उपाध्यक्ष थारू कोठारी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए चिन्हित राज्य निर्माण सेनानी संयुक्त समिति उत्तराखंड के केंद्रीय उपाध्यक्ष बाल गोविंद डोभाल ने राज्य आंदोलनकारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
बाल गोविंद डोभाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारी आज भी अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों से आग्रह किया कि वे राज्य सरकार के समक्ष इन मांगों को मजबूती से उठाकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने राज्य निर्माण सेनानियों के लिए छह प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग के तहत सभी राज्य आंदोलनकारियों को एक समान सम्मान पेंशन देते हुए इसे बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। दूसरी मांग के रूप में राज्य आंदोलनकारियों के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने की बात कही गई। तीसरी मांग में वास्तविक एवं वंचित राज्य आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण तत्काल प्रभाव से किए जाने पर जोर दिया गया।
डोभाल ने कहा कि अधिकांश राज्य आंदोलनकारी 60 वर्ष से अधिक आयु के हो चुके हैं, इसलिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में उनके साथ एक पारिवारिक सदस्य को भी सहवर्ती के रूप में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जानी चाहिए। इसके अलावा राज्य के प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर शहीद स्मारक का निर्माण कराया जाना चाहिए ताकि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और संघर्षकर्ताओं की स्मृतियों को संरक्षित किया जा सके।
उन्होंने यह भी मांग उठाई कि “राज्य आंदोलनकारी” शब्द के स्थान पर “राज्य निर्माण सेनानी” का दर्जा दिया जाए, जिससे आंदोलनकारियों के योगदान को अधिक सम्मानजनक पहचान मिल सके।
बाल गोविंद डोभाल ने कहा कि उत्तराखंड के समस्त राज्य आंदोलनकारी एवं उनके आश्रितों को परिषद के नए नेतृत्व से बड़ी अपेक्षाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर, उपाध्यक्ष सुभाष बर्थवाल तथा उपाध्यक्ष थारू कोठारी के नेतृत्व में परिषद राज्य निर्माण सेनानियों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पहल करेगी और सरकार पर आवश्यक दबाव बनाकर इन मांगों के समाधान का मार्ग प्रशस्त करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों का सकारात्मक समाधान होता है तो उत्तराखंड के हजारों राज्य निर्माण सेनानी एवं उनके परिवार परिषद तथा सरकार के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
— बाल गोविंद डोभाल
केंद्रीय उपाध्यक्ष, चिन्हित राज्य निर्माण सेनानी संयुक्त समिति उत्तराखंड।
