प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, दोस्त गंभीर रूप से घायल

Spread the love



टिहरी गढ़वाल। जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाबालिग किशोरी से मिलने उसके गांव पहुंचे एक युवक की कथित तौर पर किशोरी के परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसके साथ गए दोस्त को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रतापनगर के देवल गांव निवासी 18 वर्षीय केतन लाल की पड़ोसी गांव की एक किशोरी से पिछले छह माह से मित्रता थी। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले किशोरी के परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद वे इस संबंध का विरोध कर रहे थे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड


आरोप है कि रविवार रात किशोरी के मोबाइल से केतन को फोन कर गांव बुलाया गया। रात करीब साढ़े 11 बजे केतन अपने मित्र दिवाकर डिमरी (22) के साथ बाइक से गांव पहुंचा। वहां पहले से मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर पूरी रात लाठी-डंडों तथा बेल्ट से मारपीट की।
सोमवार सुबह आरोपियों ने युवक के परिजनों को फोन कर उसे वहां से ले जाने के लिए कहा। परिजन घायल अवस्था में केतन को अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दिवाकर को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
मृतक के पिता धनपाल लाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को सुनियोजित तरीके से गांव बुलाकर बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने बताया कि सुबह बेटे के मोबाइल से उन्हें फोन आया, लेकिन दूसरी ओर कोई अन्य व्यक्ति था जिसने उन्हें आकर बेटे को ले जाने को कहा।
परिजनों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय केतन ने बताया था कि उसे साजिश के तहत गांव बुलाया गया और फिर लाठी-डंडों व बेल्ट से बुरी तरह पीटा गया।
दिवाकर हाल ही में मुंबई से अपने गांव लौटा था और वह केवल अपने मित्र को छोड़ने के लिए उसके साथ गया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
लंबगांव थाना पुलिस के अनुसार मामले में हत्या, मारपीट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।


Spread the love