रुद्रपुर। शुक्रवार को गांधी पार्क में आयोजित होने जा रहे खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम के मंच से रुद्रपुर क्षेत्र को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan तथा विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुद्रपुर विधायक Shiv Arora करेंगे।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, कृषि विभाग एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम में आने वाले किसानों एवं आमजन के लिए पेयजल, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य किसानों को खेती योग्य भूमि के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य सुधार और कृषि उत्पादन बढ़ाने के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में कृषि एवं किसान हितों से जुड़े विभिन्न स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जो किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया जाएगा। हाल ही में इस परियोजना का शासनादेश जारी हुआ था और मात्र तीन दिनों के भीतर शिलान्यास होने जा रहा है, जिससे स्पष्ट है कि परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ेगी।
विधायक अरोरा ने बताया कि लगभग 13.72 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य से रुद्रपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल काशीपुर बाईपास पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। विशेष रूप से स्कूलों के समय बच्चों और अभिभावकों को होने वाली परेशानी कम होगी। साथ ही क्षेत्रीय व्यापार एवं आवागमन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को रुद्रपुर क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बड़ी सौगात बताते हुए रुद्रपुर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ दिवेश शाशनी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी गजेंद्र सिंह, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक अभय सक्सेना, भाजपा नेता उपेंद्र चौधरी, गजेंद्र प्रजापति, मयंक कक्कड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
