ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में सोशल मीडिया पर हुई बयानबाजी ने ऐसा हिंसक मोड़ लिया कि एक युवक की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
दावत से लौटते समय घात लगाकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी विक्रांत अपने दोस्तों के साथ लालपुर क्षेत्र में एक परिचित के घर दावत में शामिल होने गया था। देर रात लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। विक्रांत को तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में पहले उसे निजी अस्पताल और फिर हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया विवाद बना खूनी गैंगवार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच सोशल मीडिया पर टिप्पणी और बयानबाजी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यही विवाद धीरे-धीरे आपसी रंजिश में बदल गया और आखिरकार खूनी गैंगवार का रूप ले लिया।
नेपाल भागने की फिराक में दो आरोपी गिरफ्तार
मृतक की मां कंचन की तहरीर पर थाना किच्छा में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। विक्रांत की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। पुलिस ने धाधा फार्म क्षेत्र से नेपाल भागने की कोशिश कर रहे वरुण कुमार और सुशील को गिरफ्तार कर लिया है।
मुख्य आरोपी अस्पताल में, बाकी की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर घटना के दौरान घायल हो गया था और फिलहाल अस्पताल में इलाज करा रहा है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह मामला अभी जांच के अधीन है। पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने तक सभी आरोपी कानून की नजर में केवल आरोपी हैं, दोषी नहीं।
