इसी इंस्टाग्राम से शुरू हुआ असली खेल. बताया जा रहा है कि इंस्टा पर ही शाहरुख की मुलाकात अरीशा से हुई थी. शाहरुख को नहीं पता था कि ये दोस्ती आगे उसे भारी पड़ जाएगी और उसे पुलिस के पास जाकर FIR दर्ज करानी पड़ जाएगी. आइए आपको इस खबर की अब शुरू से एक-एक डिटेल देते हैं.
संभल के चौधरी सराय निवासी शाहरुख ने FIR दर्ज कराते हुए बताया कि करीब 3 साल पहले उसकी इंस्टाग्राम पर दोस्ती दीपा सराय की रहने वाली अरीशा से हुई थी. दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो दोस्ती और बढ़ी. दोनों ने फिर नैनीताल की वादियों में समय बिताने का प्लान बनाया. शाहरुख औरा अरीशा नैनीताल पहुंचे. दोनों के साथ उनके दोस्त भी थे. यहां दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. शाहरुख का आरोप है कि इसी दौरान उसके कुछ अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए गए, जिनसे बाद में उसे खूब परेशान किया गया.
अरीशा के पास शाहरुख के निजी फोटो और वीडियो थे. उसने अपने दोस्त शुएब और अनस के जरिए शाहरुख को ब्लैकमेल करना शुरू किया. शाहरुख का आरोप है कि उसने सबसे पहली बार 55 हजार रुपये अरीशा को ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए दिए. अनस ने इस बात का सबूत पुलिस को भी दिया है.
शाहरुख के मुताबिक, बढ़ते विवाद को खत्म करने के लिए 1 जुलाई 2023 को दोनों पक्षों ने एक स्टाम्प पेपर पर आपसी सहमति से समझौता किया था. आरोप है कि इस लिखित समझौते के दौरान युवती ने खुद अपने पुराने आरोपों को पूरी तरह गलत करार दिया था, जिसके बाद कुछ वक्त तक शांति बनी रही. हालांकि, शाहरुख का दावा है कि कुछ महीनों का समय बीतने के बाद अलग-अलग फोन नंबरों और सोशल मीडिया प्रोफाइल्स के जरिए दोबारा संपर्क साधा जाने लगा. इस बार सीधे तौर पर दो लाख रुपये की डिमांड रखी गई और रकम न चुकाने की सूरत में निजी फोटो-वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने व फर्जी मुकदमों में फंसाने का खौफ दिखाया गया. इससे तंग आकर शाहरुख ने सदर कोतवाली का रुख किया और पूरे मामले की लिखित अर्जी पुलिस को सौंपी.
एफआईआर में दर्ज तीन नाम किस किसके हैं?
शाहरुख से मिली तहरीर को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरीशा, अनस और शुऐब उर्फ शुऐब बेकरी को नामजद करते हुए मुकदमा कायम कर लिया है. फिलहाल पुलिस टीम इन आरोपों की सत्यता खंगालने और नामजद लोगों को तलाशने में लगी है. पीड़ित का कहना है कि बीते कुछ सालों के दौरान वह विभिन्न मौकों पर टुकड़ों-टुकड़ों में करीब चार लाख रुपये इन लोगों को दे चुका है. उसका आरोप है कि हर बार नई सोशल मीडिया आईडी तैयार करके उसकी तस्वीरें पोस्ट कर दी जाती थीं और फिर उन्हें डिलीट करने के एवज में मोटी रकम वसूली जाती थी. शाहरुख ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि केस दर्ज हो जाने के बाद भी धमकियों का सिलसिला थमा नहीं है और अब भी फोन कॉल्स के साथ-साथ सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ लगातार पोस्ट और स्टोरी शेयर की जा रही हैं.
संगठित गिरोह का है दावा
शिकायत दर्ज कराने वाले युवक का यह भी दावा है कि वह इस गिरोह का अकेला शिकार नहीं है, बल्कि यह युवती और उसके मददगार बकायदा एक योजनाबद्ध और संगठित तरीके से सीधे-साधे लोगों को जाल में फंसाते हैं. हालांकि, पीड़ित के इस दावे की पुलिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच का दौर जारी है.
पूरे मामले पर सदर कोतवाली प्रभारी सुधीर पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि एक युवक की तरफ से थाने में ब्लैकमेलिंग और जबरन पैसों की मांग करने की शिकायत मिली थी, जिसमें एक युवती और कुछ अन्य लोग शामिल हैं. इस तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल हो रही है और जो भी सबूत या तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. फिलहाल पुलिस की टीमें बैंक ट्रांजेक्शन, सोशल मीडिया के रिकॉर्ड्स और दोनों पक्षों के दावों का बारीकी से मिलान कर रही हैं.
