रुद्रपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को सांसद अजय भट्ट ने फिर उठाया मुद्दा, शिक्षा मंत्री से शीघ्र स्वीकृति की मांग

Spread the love


रुद्रपुर, 31 जुलाई। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने रुद्रपुर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


सांसद अजय भट्ट ने कहा कि रुद्रपुर उत्तराखंड का प्रमुख औद्योगिक एवं शैक्षणिक केंद्र है, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों, सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों, रक्षा एवं अर्द्धसैनिक बलों के परिवारों तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों की बड़ी संख्या निवास करती है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि केंद्रीय विद्यालय के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से निर्धारित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। विद्यालय के लिए भूमि, आधारभूत सुविधाएं, निरीक्षण तथा अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए प्रस्ताव शिक्षा मंत्रालय एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन को भेजा जा चुका है।
अजय भट्ट ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून द्वारा मांगे गए सभी अभिलेख एवं तकनीकी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा जिला प्रशासन की समिति की रिपोर्ट भी निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्तुत की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब प्रस्ताव स्वीकृति के अंतिम चरण में है और केंद्र सरकार को इसे प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी देनी चाहिए।
सांसद ने शिक्षा मंत्री से आग्रह किया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को केंद्रीय विद्यालय की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अन्य जनपदों का रुख न करना पड़े।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों के अनुरूप रुद्रपुर की लंबे समय से चली आ रही केंद्रीय विद्यालय की मांग जल्द पूरी होगी। उनके अनुसार विद्यालय की स्थापना से न केवल रुद्रपुर बल्कि पूरे ऊधम सिंह नगर जनपद के शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी।


Spread the love