रुद्रपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में 7, 8 और 9 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने यह जानकारी हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स से विशेष बातचीत में दी।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड
रुद्रपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री धीरेंद्र प्रताप नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष के रुद्रपुर पहुंचने पर कांग्रेस नेता हिमांशु बाबा ने उनका फूलमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने आगामी हल्द्वानी कार्यक्रम, संगठनात्मक गतिविधियों और मिशन-2027 की तैयारियों पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने भी धीरेंद्र प्रताप का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद संगठन में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेशभर के पदाधिकारी, विधायक, पूर्व विधायक, पिछले विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि और नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य हल्द्वानी में आयोजित बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि वह दिल्ली से एक दिन पूर्व ही उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। रुद्रपुर पहुंचने के बाद उनके विभिन्न कार्यक्रम निर्धारित हैं तथा रात्रि विश्राम हल्द्वानी में रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं।
धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे वह हल्द्वानी स्थित बुद्ध पार्क में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह प्रदर्शन पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय डालाकोटी तथा राज्य आंदोलनकारी किरण डालाकोटी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य छह जिलों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की मांग तथा क्षेत्र की अन्य स्थानीय समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और विकास से जुड़े विषयों पर जनता के साथ खड़ी रहेगी।
उन्होंने कहा कि बुद्ध पार्क के कार्यक्रम के बाद वह किच्छा पहुंचेंगे, जहां सूरजमल कॉलेज के छात्रों के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके न्यायसंगत अधिकारों के लिए कांग्रेस हर स्तर पर आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की नवगठित कार्यकारिणी चुनावी दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का संतुलन बनाते हुए संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया है। उनका कहना था कि अब कांग्रेस का पूरा ध्यान संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचा जा सके।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के सोनिया होटल में होने वाली बैठकों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे प्रदेश के सभी शीर्ष नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायक दल, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों, जिला एवं महानगर अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों तथा नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी को संबोधित करेंगे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान, सरकार के खिलाफ आंदोलन और चुनावी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा होगी।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य उत्तराखंड की जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आना है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा विकास से जुड़े अनेक विषयों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और व्यापक जनसमर्थन प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का उत्तराखंड दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के माध्यम से संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ मिशन 2027 की दिशा में आगे बढ़ रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी।
धीरेंद्र प्रताप ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार बनेगी और कांग्रेस उत्तराखंड की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
