देहरादून। क्लेमेनटाउन क्षेत्र में काजल की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की जांच अब केवल पति-पत्नी के विवाद तक सीमित नहीं रह गई है। वारदात के पीछे संपत्ति विवाद या वैवाहिक संबंधों को लेकर पैदा हुआ शक भी संभावित कारणों के रूप में सामने आ रहा है।

Spread the love

पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जिस स्थान पर हत्या की वारदात हुई, वह भी जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर धीरज अपने परिवार के साथ केयरटेकर के रूप में रह रहा था, वह करोड़ों रुपये की संपत्ति है। दस्तावेजों में काजल का नाम भी केयरटेकर के रूप में दर्ज बताया जा रहा है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

खास बात यह है कि इसी संपत्ति पर वर्षों पहले धीरज के पिता भी केयरटेकर के तौर पर रह चुके हैं। ऐसे में पुलिस के लिए यह जानना अहम होगा कि संपत्ति की देखरेख का अधिकार परिवार तक कैसे पहुंचा और इस जमीन से परिवार का संबंध कितना पुराना है।

करोड़ों की संपति के असली मालिक मित्तल के बारे में जानकारी जुटा रही पुलिस

सूत्रों के मुताबिक, जिस संपत्ति पर दंपती रह रहा था, उसके वास्तविक मालिक का फिलहाल कोई स्पष्ट अता-पता नहीं है। अभी तक यह पता चल पाया है कि करोड़ों की संपति का असली मालिक मित्तल है। पुलिस इस बिंदु पर भी जानकारी जुटा रही है कि संपत्ति का मालिक कौन है, वर्तमान में उसके अधिकार और दस्तावेज क्या हैं तथा धीरज और काजल को वहां रहने की अनुमति किस आधार पर मिली थी।

संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच मामले की दिशा तय करने में अहम हो सकती है। जांच में यह भी पता चला कि धीरज ने जमीन पर मालिकाना हक के लिए अदालत में वाद दायर किया है।

एक माह से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद

काजल और धीरज के बीच करीब एक माह पहले से विवाद शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि करीब एक सप्ताह पहले काजल ने तलाक के लिए अर्जी भी दाखिल की थी। इसके बाद दोनों के बीच संबंध और खराब होने की बात सामने आ रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि तलाक की अर्जी दाखिल करने के पीछे क्या कारण था और क्या इसी को लेकर दोनों के बीच कोई नया विवाद हुआ था।

काजल की बड़ी बहन भी तलाकशुदा

काजल की बड़ी बहन भी तलाकशुदा है। परिवार के भीतर वैवाहिक रिश्तों से जुड़े विवादों और घटनाक्रम की जानकारी भी जांच में जुटाई जा रही है। हालांकि, इन तथ्यों का काजल की हत्या से कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

देहरादून में रह रहा था पूरा परिवार

काजल और धीरज मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों का परिवार लंबे समय से देहरादून में रह रहा था। खास बात यह भी है कि काजल के दो भाई व दो बहने भी देहरादून में रहते हैं और दोनों भाई अलग-अलग स्थानों पर केयरटेकर के रूप में रहते हैं। पुलिस अब यह जानकारी भी जुटा रही है कि परिवार के सदस्यों को अलग-अलग संपत्तियों में केयरटेकर की जिम्मेदारी कैसे मिली और क्या इन संपत्तियों के बीच कोई आपसी संबंध है।

धीरज के खिलाफ मुकदमों की भी होगी जांच

पुलिस के लिए धीरज का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर में कई आपराधिक मुकदमे होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस संबंधित थानों से उसके पुराने मुकदमों का रिकॉर्ड जुटा रही है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि उसका आपराधिक इतिहास किस प्रकार का रहा है और क्या उसका वर्तमान घटना से कोई संबंध बनता है। फिलहाल पुलिस ने काजल के भाई की शिकायत पर धीरज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और उसकी तलाश की जा रही है। घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

अलग-अलग कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस

जांच में अब पति-पत्नी के विवाद, तलाक की अर्जी, संपत्ति से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड, कथित संबंधों को लेकर शक और धीरज के पुराने आपराधिक मामलों को अलग-अलग कड़ियों के रूप में देखा जा रहा है। इन कड़ियों में से कौन-सी काजल की हत्या की वास्तविक वजह तक पहुंचाती है, यह पुलिस की आगे की जांच और साक्ष्यों से स्पष्ट होगा। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसओजी की टीम भेजी गई है। धीरज पंवार के पास कोई अपना वाहन भी नहीं था, वह सीसीटीवी फुटेज पैदल ही जाता दिख रहा है। पुलिस अब आगे की फुटेज चेक कर रही है।


Spread the love