23.32 करोड़ रुपये की लागत से मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम निर्माण को मिली विभागीय स्वीकृति, रुद्रपुर के खिलाड़ियों के सपनों को मिलने जा रही नई उड़ान
रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की लंबी श्रृंखला के बीच विधायक शिव अरोरा के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ती दिखाई दे रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को लगातार धरातल पर उतारने का दावा करने वाले विधायक शिव अरोरा अब शहर के युवाओं और खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात देने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा चुके हैं।
मोदी मैदान में प्रस्तावित आउटडोर स्टेडियम के लिए 23.32 करोड़ रुपये की डीपीआर को विभागीय स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है। अब यह प्रस्ताव मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली ईएफसी समिति के समक्ष पहुंच चुका है। प्रक्रिया पूरी होते ही शासनादेश जारी होने की संभावना है और इसके बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
दरअसल, 31 अक्टूबर 2022 को विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष मोदी मैदान में इंडोर और आउटडोर स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद 17 मई 2023 को इस परियोजना को मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-678/2023 में शामिल किया गया। लगातार पत्राचार, विभागीय बैठकों और परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग के बाद यह योजना अब मूर्त रूप लेने जा रही है।
रुद्रपुर में खेल सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग लगातार उठती रही है। स्टेडियम बनने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
विधायक शिव अरोरा के कार्यकाल में यह पहला बड़ा विकास कार्य नहीं है। इससे पहले रुद्रपुर रिंग रोड और बाईपास परियोजना, मेडिकल कॉलेज की दिशा में बढ़ते कदम, काशीपुर बाईपास, राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण, शहर के प्रवेश द्वार के निर्माण तथा इंदिरा चौक के पास अतिक्रमण हटाने जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चर्चा का विषय बनीं। इन योजनाओं ने यह संदेश दिया है कि रुद्रपुर को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और विधायक शिव अरोरा के प्रयासों का समन्वय अब रुद्रपुर के विकास मॉडल के रूप में सामने आने लगा है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विकास कार्य सबसे बड़ा मुद्दा बनने जा रहे हैं।
मोदी मैदान में बनने वाला स्टेडियम केवल एक खेल परिसर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह रुद्रपुर की नई पहचान बनेगा। यह परियोजना युवाओं के सपनों, खिलाड़ियों की आकांक्षाओं और एक विकसित रुद्रपुर की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
मिशन 2027: रुद्रपुर में विकास की नई पटकथा, विधायक शिव अरोरा का एक और वादा पूरा होने की ओर! 23.32 करोड़ रुपये की लागत से मोदी मैदान में आउटडोर स्टेडियम निर्माण को मिली विभागीय स्वीकृति, रुद्रपुर के खिलाड़ियों के सपनों को मिलने जा रही नई उड़ान
