डबल वोट रखने वाले मतदाता खुद पहुंचे ERO कार्यालय, एक स्थान से नाम हटाने को दिए प्रार्थना पत्र

Spread the love


डबल वोट रखने वाले मतदाता खुद पहुंचे ERO कार्यालय, एक स्थान से नाम हटाने को दिए प्रार्थना पत्र
किच्छा। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में दर्ज दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के बीच दो स्थानों पर नाम दर्ज पाए गए मतदाताओं के मामले में हलचल तेज हो गई है। निर्वाचन कार्यालय की ओर से नोटिस जारी होने के बाद कई मतदाता स्वयं आगे आकर अपना नाम एक स्थान से हटाने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में कुरैया और दरऊ क्षेत्र के दर्जनों लोग उपजिलाधिकारी एवं ERO किच्छा के कार्यालय पहुंचे। मतदाताओं ने लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए स्वीकार किया कि उनके नाम दो अलग-अलग स्थानों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं। उन्होंने किसी एक स्थान से अपना नाम हटाने और निर्वाचन नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
किच्छा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में कथित रूप से दर्ज 8,184 डबल वोट का मामला पूर्व विधायक राजेश शुक्ला द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में प्रमुखता से उठाया गया था। इस मामले में भाजपा BLA-1 राजेश तिवारी की ओर से भी निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आपत्तियां दर्ज कराते हुए दो स्थानों पर नाम दर्ज मतदाताओं के मामलों की जांच और नियमानुसार एक स्थान से नाम हटाने की मांग की गई थी।
प्रेस वार्ता के बाद अब SIR के तहत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं का स्वयं निर्वाचन कार्यालय पहुंचना इस मामले में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ मतदाता निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अपनी स्थिति स्पष्ट करने और मतदाता सूची को दुरुस्त कराने के उद्देश्य से स्वयं प्रार्थना पत्र दे रहे हैं।
उपजिलाधिकारी किच्छा गौरव पांडे ने बताया कि 13 अगस्त के बाद दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए संबंधित लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। जिन लोगों के नाम दो स्थानों पर पाए गए हैं, उनमें से कुछ लोग स्वयं कार्यालय पहुंचकर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए एक स्थान से नाम हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। दो स्थानों पर नाम दर्ज होने के मामलों की जांच संबंधित दस्तावेजों एवं अभिलेखों के आधार पर की जाएगी और नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
SIR प्रक्रिया के तहत सामने आ रहे इन मामलों से मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की कार्रवाई को गति मिलने की उम्मीद है। निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी किए जा रहे नोटिस के बाद संबंधित मतदाताओं का स्वयं सामने आना मतदाता सूची में पारदर्शिता और एकरूपता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Spread the love