उधम सिंह नगर में बारिश का दौर जारी, काशीपुर में 170 मिमी वर्षा दर्ज

Spread the love



रुद्रपुर, 18 अगस्त 2026। उधम सिंह नगर जिले में मंगलवार को हल्की बारिश का दौर जारी रहा। पिछले 24 घंटे में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 170 मिमी वर्षा काशीपुर में दर्ज हुई, जबकि जसपुर में 100 मिमी और किच्छा में 84 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) की सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बाजपुर में 27 मिमी, गदरपुर में 38 मिमी, रुद्रपुर में 24 मिमी, सितारगंज में 38 मिमी तथा खटीमा में 16 मिमी वर्षा दर्ज हुई। जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकांश नदियों का जलस्तर सामान्य
बारिश के बीच जिले की नदियों के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार सुखी/बेगुल नदी में 8,580 क्यूसेक, कैलाश नदी में 12,870 क्यूसेक, जगबूढ़ा नदी में 2,460 क्यूसेक, परवीन नदी में 620 क्यूसेक और देवाहा नदी में 3,590 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया।
कमान नदी का जलप्रवाह 2,000 क्यूसेक, ढेला नदी का 9,472 क्यूसेक, फीका नदी का 3,378 क्यूसेक और गौला नदी का 2,287 क्यूसेक दर्ज हुआ। कल्याणी नदी में जलप्रवाह शून्य क्यूसेक रहा। मुख्य शारदा नहर में 11,242 क्यूसेक जलप्रवाह दर्ज किया गया। रिपोर्ट में सभी नदियों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
जलाशयों की स्थिति भी सामान्य
जिले के प्रमुख जलाशयों में भी जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। बैगुल जलाशय का जलस्तर 676.92 फीट, नानक सागर का 698 फीट, शारदा सागर बांध का 604.20 फीट, बौर और हरिपुरा जलाशयों का 785.50 फीट तथा तुमड़िया जलाशय का जलस्तर 836.20 फीट दर्ज किया गया।
धौरा जलाशय का जलस्तर 700.30 फीट रहा। सभी जलाशयों की स्थिति सामान्य दर्ज की गई है। शारदा सागर बांध से 764 क्यूसेक और बैगुल जलाशय से 305 क्यूसेक डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
सड़क, बिजली और पेयजल व्यवस्था सामान्य
जिला प्रशासन के अनुसार बारिश के बावजूद जिले में सड़क, संचार, बिजली और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। प्रशासन द्वारा नदियों, जलाशयों और वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


Spread the love