ट्रामाडोल की बिक्री पर प्रशासन का शिकंजा, काशीपुर के तीन मेडिकल प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई

Spread the love


रुद्रपुर/काशीपुर, 19 अगस्त 2026। मनःप्रभावी औषधि ट्रामाडोल के बिक्री एवं भंडारण के सत्यापन को लेकर जिला प्रशासन ने काशीपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश और उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


छापेमारी के दौरान जय लक्ष्मी सर्जिकल और बंसल फार्मास्यूटिकल में ट्रामाडोल की खरीद के मुकाबले बिक्री और भुगतान से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन नहीं हो सका। इसके बाद प्रशासन ने दोनों प्रतिष्ठानों के औषधीय क्रय-विक्रय पर अगले आदेश तक रोक लगाते हुए दुकानों को बंद करने की कार्रवाई की।
वहीं, मोहल्ला अल्लीखां स्थित यूनिक सर्जिकल के संचालक के मौके से चले जाने और बुलाने के बावजूद उपस्थित न होने पर प्रशासन ने फर्म को सील कर दिया।
इसके अलावा, नाइस मेडिकोज को ट्रामाडोल के खरीद-बिक्री संबंधी दस्तावेज सात दिनों के भीतर सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि खरीद, बिक्री और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन नहीं हो सका तो ट्रामाडोल जैसी मनःप्रभावी दवा आखिर किसे और किस आधार पर बेची जा रही थी? यह प्रश्न अब प्रशासनिक जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक निधि शर्मा, शुभम कोटनाला और अर्चना शामिल रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


Spread the love