रुद्रपुर। इंद्रा कॉलोनी में प्रभु श्रीराम की भक्ति और सनातन संस्कृति की छटा उस समय देखने को मिली, जब दशकों पुरानी श्री शिव नाटक क्लब की रामलीला का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोड़ा ने फीता काटकर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं ने विधायक का स्वागत किया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड
शुभारंभ अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। भगवान गणेश की आराधना के साथ उन्होंने रामलीला के सफल आयोजन तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि रामलीला केवल मंच पर होने वाला धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के जीवन आदर्शों को समाज और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का जीवंत माध्यम है। श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आज के दौर में बच्चों और युवाओं को अपनी सनातन संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही रामलीला की वास्तविक भावना है। रामलीला जैसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना के साथ आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करते हैं। विधायक ने श्री शिव नाटक क्लब के पदाधिकारियों, कलाकारों और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
रामलीला के प्रथम दिन ‘नारद मोह’ प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय, संवाद और मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विधायक शिव अरोड़ा भी दर्शकों के बीच बैठकर रामलीला का आनंद लेते नजर आए। जैसे-जैसे मंच पर प्रभु श्रीराम की कथा आगे बढ़ी, आयोजन स्थल ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इंद्रा कॉलोनी में रामलीला को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी परिवार सहित रामलीला देखने पहुंचे। धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा के इस संगम ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर मनोज मदान, डम्पी चोपड़ा, सुमित छाबड़ा, विकास कुकरेजा, वासु गुम्बर, श्री शिव नाटक क्लब अध्यक्ष जगदीश सुखीजा, महामंत्री राजकुमार भुसरी, कोषाध्यक्ष बब्बू घई, जोली कक्कड़, डायरेक्टर नरेश घई, जीतू गुलाटी, सन्नी घई, सन्नी कक्कड़, रवि कक्कड़, राजीव झाम, विजय पारुती, प्रदीप कालड़ा, इंदजीत सिंह, मदन लाल, हरबंस सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
