देहरादून। झाझरा से बीटेक की छात्रा का सामान लेकर फरार हुए रैपिडो चालक को प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के पास से आठ लाख रुपये के गहने-नकदी व अन्य सामान बरामद किया गया है।

थानाध्यक्ष प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि मूल रूप से नैनीताल व वर्तमान में डूंगा में पीजी में रहने वाली छात्रा आस्तिका ने शिकायत दर्ज कराई कि वह एक यूनिवर्सिटी से बी टेक की पढ़ाई कर रही है

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

दीपावली पर उन्हें अपने माता-पिता के पास दिल्ली जाना था। इसके लिए उन्होंने लाखों रुपये की शापिंग भी की हुई थी। 07 नवंबर को उन्होंने पीजी से रेलवे स्टेशन जाने के लिए आनलाइन रैपिडो बुक कराया। इसके बाद रैपिडो चालक का उन्हें काल आया और लोकेशन पूछी। कुछ समय के बाद आटो उनके घर पर आ गया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपना सामान एक सूटकेस व लैपटाप ऑटो में रख दिया। सूटकेश में सोने की मटरमाला, एक जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी, हैडफोन, मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद, चांदी का गिलास, थाली एक और दो कटोरी, महंगी साड़ियां, चुनरी व कास्मेटिक्स का सामान रखा हुआ था।

ऑटो में सामान रखने के बाद वह कमरे का ताला लगाने चली गई इसी दौरान ऑटो चालक सामान लेकर फरार हो गया। उन्होंने रैपिडो एप चेक किया तो पता चला कि आरोपित ने राइड कैंसिल कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात रैपिडो चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।

शनिवार रात को चेकिंग के चौकी प्रभारी झाझरा प्रद्युमन नेगी व उनकी टीम ने झाझरा से घटना को अंजाम देने वाले मूल निवासी ग्राम नारायणपुर, थाना बरखेड़ा जिला पीलीभीत उत्तर प्रदेश व वर्तमान में जमनपुर सेलाकुई में किराए पर रहने वाले आरोपित कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

घटना में चोरी की गई लगभग 08 लाख रुपये के गहने व अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपित ने बताया गया कि वह नशे का आदी है तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। रविवार को वह घटना में चोरी किए गए गहनों को बेचने के तैयारी कर रहा था।

Advertisement