रुद्रपुर के आदर्श यादव का SGFI राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए चयन, विजडम पब्लिक स्कूल में खुशी की लहर :


रुद्रपुर। विजडम हाई सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के होनहार खिलाड़ी आदर्श यादव ने खेल जगत में विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आदर्श यादव का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक (MD) गोपाल सिंह पटवाल ने आदर्श यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। आदर्श ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना उनकी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
गोपाल सिंह पटवाल ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्हें विश्वास है कि आदर्श यादव राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने आदर्श यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर

Advertisement