उत्तराखंड के अलग-अलग हादसों में कुल 11 लोगों की मौत हो गई। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर और नैनीताल जिले के रामनगर में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन युवकों की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई।

Spread the love

एक हादसा सोमेश्वर में देवस्थल के पास कोसी नदी में हुआ। वहीं, देहरादून शहर में बेकाबू सिटी बस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। ऋषिकेश में एक पुलिस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके अलावा कुमाऊं में अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

पहली घटना अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छह दोस्त घूमने को निकले थे। इनमें बागेश्वर का 38 वर्षीय धीरज गढ़िया अल्मोड़ा में रहकर डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। जबकि 26 साल का सोनू कनवाल पुत्र लछम सिंह निवासी लमगड़ा, अल्मोड़ा में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था। दोनों देवस्थल के समीप कोसी नदी में नहाने के लिए गए थे। काफी देर तक जब दोनों नदी से बाहर नहीं निकले, तो दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। कोतवाली पुलिस और 112 नंबर पर सूचना दी गई। कोतवाल मदन मोहन जोशी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।

रामनगर में हुई दूसरी घटना

दूसरी घटना में रानीखेत के कनार गांव निवासी 22 वर्षीय अजय आर्य पुत्र बची राम ढिकुली स्थित बैला मोंडे रिसॉर्ट में काम करता था। मंगलवार को वह अपने साथी कर्मी मैनपुरी यूपी निवासी राजकुमार के साथ कोसी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अजय बह गया। एसएसआई दीपक बिष्ट और फायर स्टेशन अधिकारी रामनगर गोपाल सिंह रावत ने बताया कि पुलिस व फायर विभाग की टीम ने शव बरामद किया।

देहरादून में सिटी बस ने पांच को रौंदा, दो की मौत

मंगलवार को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में लालपुल के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार सिटी बस अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे पांच मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। निजी अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है।

कुमाऊं में सड़क हादसे, पांच की मौत

कुमाऊं में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में अग्निशमन विभाग के एक फायरमैन सहित पांच लोगों की मौत हो गई। एक सड़क हादसा कालाढूंगी क्षेत्र में हल्द्वानी हाईवे पर हुआ, जिसमें बुलेट सवार भीमताल फायर यूनिट के फायरमैन और एक मानसिक विक्षिप्त महिला की मौत हो गई। उधर, रानीखेत तहसील क्षेत्र में कार खाई में गिरने से हल्द्वानी बिठौरिया निवासी एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। दूसरे मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। एक सड़क हादसा किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां एक पेंटर की अज्ञात डंपर की टक्कर से मौत हो गई।

कार खाई में गिरने से पुलिस अधिकारी की मौत

टिहरी जिले की शिवपुरी पुलिस चौकी में तैनात प्रभारी विनोद शर्मा की मंगलवार सुबह कार खाई में गिरने से मौत हो गई। वह अपनी निजी कार से शिवपुरी की ओर गश्त पर निकले थे। ब्रह्मपुरी में उनकी कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। 49 वर्षीय विनोद शर्मा की कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस टीम एसडीआरएफ जवानों के साथ मौके पर पहुंची। खाई में गंगा किनारे गिरी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली थी।


Spread the love