डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

Spread the love


रुद्रपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा गांधी पार्क एवं भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ की व्यवस्था का विरोध करते हुए संघर्ष किया, जो भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड


नेताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि महान शिक्षाविद, दूरदर्शी चिंतक और राष्ट्रवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ थे। शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। उनके विचार आज भी देश को सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट बनाने की प्रेरणा देते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महान नेताओं के आदर्शों पर आधारित है। उनके सिद्धांतों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, भारत भूषण चुघ, सुरेश परिहार, परवेज खान, राकेश सिंह, अनिल चौहान, विवेक सक्सेना, हिमांशु शुक्ला, योगेश वर्मा, बिट्टू चौहान, कार्यक्रम सह-संयोजक प्रमोद मित्तल, विजय तोमर, रचित सिंह, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, शालिनी बोरा, सुनील ठुकराल, सुनील सिंह, प्रीति धीर, ममता जीना, अर्चना सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Spread the love