तीनपानी डाम पुल निर्माण का पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने किया निरीक्षण, वैकल्पिक मार्ग व छठ घाटों के पुनर्निर्माण के दिए निर्देश

Spread the love



रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के तीनपानी डाम, फुलसुंगा में निर्माणाधीन पुल का पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पुल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता भरत सिंह डांगी, सहायक अभियंता विजय पाल सिंह, अपर सहायक अभियंता हरपाल सिंह, पार्षद पवन राणा तथा पूर्व पार्षद एवं भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य सुरेश गौरी भी मौजूद रहे।
राजेश शुक्ला ने कहा कि पुल निर्माण कार्य पूरा होने तक क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र सुरक्षित एवं सुगम वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य से क्षतिग्रस्त हुए छठ पूजा घाट का भी जायजा लिया गया। इस पर पूर्व विधायक ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए घाट का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए, जिससे आगामी छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
राजेश शुक्ला ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुल निर्माण के दौरान आमजन की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था के साथ-साथ छठ घाट का पुनर्निर्माण हर हाल में समय पर सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने अधिशासी अभियंता भरत सिंह डांगी से किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा घाटों के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की भी मांग की। उन्होंने तुर्कागौरी स्थित छठ घाट, बंडीया भट्ठा नमक फैक्ट्री छठ घाट, इंदरपुर छठ घाट पर पक्की सीढ़ियों का निर्माण, रामेश्वरपुर छठ घाट के सौंदर्यीकरण तथा प्रीतनगर छठ घाट के निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृत कर समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है। ऐसे में सभी छठ पूजा घाटों पर सुरक्षित, स्वच्छ और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया जल्द शुरू कर गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने को कहा।


Spread the love