इसके साथ ही विधानसभा सत्र के दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण, कथित वीआईपी की भूमिका, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पलायन और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करेगी। पार्टी इन मुद्दों को सदन के भीतर भी प्रमुखता से उठाएगी।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर
देहरादून में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रदेश प्रभारी ने बताया कि 1 नवंबर को उत्तराखंड से कांग्रेस कार्यकर्ता एसआईआर और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर दिल्ली में आयोजित विशाल रैली में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 4 नवंबर को उत्तराखंड की जमीन और संसाधनों के मुद्दे पर जिला एवं प्रदेश मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं को सामने लाया जाएगा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
जांच की मांग भी उठाई
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या से जुड़े विभागों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के उनके पति की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके विभाग में राशन वितरण, मिड-डे मील योजना, राष्ट्रीय खेलों से संबंधित खर्चों और अन्य विभागीय मदों में कथित अनियमितताओं की जांच होनी चाहिए।
उत्तराखंड की जनता की भावनाएं आहत हुईं : सैलजा
कुमारी सैलजा ने कहा कि अंकिता के परिवार की ओर से उठाए जा रहे कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब अब तक नहीं मिला है। भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के तौर पर नियुक्ति ने उत्तराखंड की जनता की भावनाओं को आहत किया है।
कांग्रेस लगातार कर रही विरोध
बता दें कि, कांग्रेस पार्टी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका के आरोपों से जुड़े सवालों के बीच भाजपा नेता दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति का विरोध किया है। कांग्रेस का कहना है कि दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाकर भाजपा ने उन्हें कानून से बचने का सेफ पैसेज मुहैया कराया है। कांग्रेस उत्तराखंड में इस मुद्दे को लेकर लगातार विरोध कर रही है। गौरतलब है कि कांग्रेस सेवा दल के सदस्यों और समर्थकों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग करते हुए दिल्ली में रायसीना रोड से अशोक रोड तक कैंडल मार्च निकाला था।
