कांडी (यमकेश्वर), 07 जून 2026। उत्तराखंड में मिशन-2027 के तहत हिमालय क्रांति पार्टी (HKP) ने अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए रविवार को यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में “पहाड़ स्वाभिमान यात्रा” निकाली। यात्रा पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में विभिन्न गांवों और बाजारों से होकर गुजरी तथा जनता से समर्थन मांगा गया।
अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड
यात्रा का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट, राष्ट्रीय महासचिव शंकर दत्त सती तथा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बृजमोहन सिंह गुसाईं भी मौजूद रहे।
गुमखाल से प्रारंभ हुई यात्रा देवखाल, कीर्तिखाल, बिरमौलीखाल और कांडाखाल होते हुए पोखाल पहुंची। पोखाल में पार्टी के विधानसभा कार्यालय का संयुक्त उद्घाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय बिष्ट, राष्ट्रीय महासचिव शंकर दत्त सती, यूपी अध्यक्ष बृजमोहन सिंह गुसाईं और प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने किया।
कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक में पार्टी का विजन और मिशन जनता के समक्ष रखा गया तथा यमकेश्वर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी सतेंद्र सिंह रावत के समर्थन में जनसहयोग की अपील की गई।
प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने कहा कि पार्टी ने एक कर्मठ, ईमानदार और सैन्य पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने बताया कि सतेंद्र सिंह रावत को कारगिल युद्ध के दौरान उत्कृष्ट सेवा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।
वहीं प्रत्याशी सतेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यमकेश्वर क्षेत्र में इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या गंभीर है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संचार और डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
बैठक के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पोखाल बाजार में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। इसके पश्चात ठांगर, बिथियाणी, भड़ैत, कस्याली और कांडी गांवों में भी लोगों से संपर्क कर पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की गई।
यात्रा में प्रमुख रूप से शामिल कार्यकर्ताओं में पपेंद्र सिंह रावत, राम दत्त, मोहन सिंह, अशोक कुमार, ध्रुव सिंह भंडारी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, मनु जुयाल, अरविंद रावत, दरबान सिंह, पदमेंद्र सिंह, अनिरुद्ध रावत, गंभीर सिंह राणा, राजेंद्र सिंह रावत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिमालय क्रांति पार्टी का कहना है कि मिशन-2027 के तहत राज्यभर में जनसंपर्क अभियान चलाकर पहाड़ के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा स्थानीय नेतृत्व को मजबूत किया जाएगा।
