अगर आप भी चाहते हैं कि नए महीने में आपका बजट न बिगड़े, तो पहले से ही इन पांच बड़े बदलावों के बारे में जान लीजिए, जो 1 नवंबर से लागू होने जा रहे हैं।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
रसोई घर पर सीधा असर: एलपीजी सिलेंडर के बदलेंगे दाम
हर महीने की तरह इस बार भी 1 नवंबर को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले महीने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में इजाफा किया गया था, हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए थे। इस बार भी देखना होगा कि आम जनता को राहत मिलती है या झटका। इसके साथ ही हवाई ईंधन यानी एटीएफ (ATF) के रेट में भी संशोधन हो सकता है, जिसका असर यात्रा पर पड़ सकता है।
कारोबारियों के लिए बड़ी राहत: जीएसटी के नियमों में बदलाव
नवंबर की पहली तारीख से जीएसटी (GST) से जुड़े नियमों में भी अहम बदलाव होने जा रहे हैं। सरकार का यह कदम कारोबारियों और छोटे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत लेकर आ रहा है। टैक्स रिफंड प्रक्रिया को तेज करने और कागजी कार्रवाई के बोझ को कम करने की तैयारी है। इसके तहत कुछ मामलों में रिफंड ऑटोमैटिक अप्रूवल से मिलेंगे, और पांच करोड़ रुपये से कम टर्नओवर वाले कारोबारियों के लिए नई रिटर्न व्यवस्था शुरू की जा रही है।
शराब प्रेमियों के लिए झटका: कैश में नहीं खरीद पाएंगे शराब
अगर आप तमिलनाडु में रहते हैं या वहां सफर कर रहे हैं, तो शराब खरीदने का नियम आपके लिए बदल गया है। तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (TASMAC) के नए आदेश के मुताबिक, अब एक हजार रुपये से ज्यादा कीमत वाली शराब की बोतल खरीदने के लिए डिजिटल पेमेंट अनिवार्य कर दिया गया है। यानी अब इतनी कीमत की शराब के लिए कैश स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सफर करने वालों के लिए अपडेट: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर नया नियम
मुंबई से पुणे के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए यह जानना बेहद जरूरी है। हाईवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र हाईवे पुलिस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के नए कनेक्टिंग लिंक पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर स्थायी रोक लगा दी है। इस नियम के दायरे में छोटे कमर्शियल वाहन, पिकअप वैन और टाटा ऐस जैसे वाहन आएंगे। हालांकि, आम लोगों की कार और यात्री बसों को इस रास्ते पर चलने की पूरी छूट मिलती रहेगी।
फर्जी कॉल्स से मिलेगी मुक्ति: मोबाइल यूजर्स के लिए सीएनएपी नियम
अनजान नंबरों से आने वाली फर्जी कॉल्स और स्पैम से परेशान मोबाइल यूजर्स के लिए सरकार बड़ा कदम उठा रही है। दूरसंचार विभाग (DoT) के नए आदेश के अनुसार, अब कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) यानी फोन पर कॉलर का असली नाम दिखाने की सुविधा शुरू की जा रही है। इसके लागू होने से अब आपको अनजान कॉल्स की पहचान करने के लिए किसी थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी।
